दुर्ग। पद्मनाभपुर पुलिस ने एक साल पहले की गई चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में कसारीडीह दुर्ग निवासी अर्जुन उर्फ नेवला व करण देवराज को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पास से पुलिस सोने चांदी के जेवरात बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने धारा 380, 457, 34 के तहत कार्रवाई की है।
पद्मनाभपुर पुलिस ने बताया कि इस मामले में 10 अप्रैल 2022 को पद्मनाभपुर निवासी मनोज साहू शिकायत दर्ज कराई थी। मनोज साहू ने बताया कि 9 अप्रैल 2022 की रात इनके घर के आलमारी में रखे सोने एवं चांदी के जेवरात को कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत के बाद अपराध दर्ज कर आरोपियों की पता साजी की जा रही थी। इस बीच मुखबिर की सूचना पर अर्जुन उर्फ नेवला व करण देवराज को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में इन दोनों ने साल भर पहले हुई चोरी की बात मानी है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।



