धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरुद थाना क्षेत्र में शिक्षक द्वारा छात्रा से छे़ड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। शातिर शिक्षक स्कूल में छात्रा से अश्लील बातें करता और उसके फोन पर गंदे मैसेज भी भेजता था। मौका मिलने में छात्रा से छेड़छाड़ भी करता। इस मामले में परिजनों ने जब थाने में एफआईआर कराई तो शातिर शिक्षक खुद को पागल साबित करने मेंटल हॉस्पिटल में भर्ती हो गया। हालांकि पुलिस ने उसकी चालाकी भांप ली और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार मामला कुरूद थाना अंतर्गत बिरेझर चौकी क्षेत्र के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा से उसी स्कूल का 43 वर्षीय शिक्षक मोहन लाल साहू छेड़छाड़ करता था। मोहन लाल छात्रा को गंदे मैसेज भेजता और उससे अश्लील बातें भी करता था। शिक्षक की हरकतों से छात्रा सहम गई थी और स्कूल जाने से भी डरने लगी। इसकी जानकारी परिजनों को हुई वे तत्काल बिरेझर चौकी पहुंचे और मोहन लाल साहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ धारा 354 (क), 509 (ख), 67 आईटी एक्ट और 10 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। इधर शिक्षक को पता चला कि उसके खिलाफ पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है तो उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए खुद को जिले के सारखी कोलार स्थित धनवंतरी मेंटल अस्पताल में भर्ती हो गया। इधर पुलिस आरोपी की तलाश करती रही। आखिरकर पुलिस को आरोपी के मेंटल हॉस्पिटल में भर्ती होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी मोहन लाल साहू को मेंटल हॉस्पिटल से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।




