नईदिल्ली (एजेंसी)। स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज जानकारी दी कि देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में अब लगातार कमी आ रही है और स्वस्थ होने की दर बढ़ रही है। रिकवरी रेट करीब 98 फीसदी पहुंच गया है। त्योहारों के मद्देनजर लोगों को चेताते हुए स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि त्योहारों के करीब आने के साथ ही हम लोगों से अपील करते हैं कि भीड़भाड़ न करें, शारीरिक दूरी बनाए रखें और मास्क का जरूर इस्तेमाल करें।

राजेश भूषण ने कहा कि केरल में कोरोना संक्रमण के मामले घट रहे हैं, हालांकि कुल मामलों में इस राज्य का योगदान सबसे अधिक है। देश के 18 जिलों में संक्रमण दर 5 से 10 फीसदी के बीच बनी हुई है। भूषण ने जानकारी दी कि केरल में सबसे अधिक 1,44,000 सक्रिय केस हैं जो देश का 52 फीसदी है। महाराष्ट्र में 40 हजार सक्रिय मामले, तमिलनाडु में 17 हजार, मिजोरम में 16800, कर्नाटक में 12 हजार और आंध्र प्रदेश में करीब 11 हजार सक्रिय मामले हैं। आईसीएमआर के डीजी डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर लोगों को गैर-जरूरी यात्राओं से बचना चाहिए, कम से कम इस साल तो ऐसा ही करना चाहिए।




