रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने के बाद पड़ोसी राज्यों का धान खपाने का खेल भी चल रहा है। इसी कड़ी में गिरजापुर के धान खरीदी केन्द्र में एक किसान 42 क्विंटल धान बेचने पहुंच गया। खासबात यह रही कि उक्त किसान की फसल अभी कटी भी नहीं और वह धान बेचने पहुंच गया। अफसरों ने कार्रवाई करते हुए पूरा धान जब्त कर लिया है। मामला आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित गिरजापुर का है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित गिरजापुर से किसान ने 42.40 क्विंटल धान बेचने के लिए टोकन लिया था। संदेह के आधार पर किसान के टोकन की जांच की गई। जांच सहायक आयुक्त एवं नोडल अधिकारी, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित गिरजापुर व जिला खाद्य अधिकारी, प्रबंधक गिरजापुर, पटवारी एवं अन्य के उपस्थिति में जांच के दौरान पूछताछ की गई। किसान के टोकन पर धान विक्रय के लिए पहुंची पत्नी और वाहन चालक ने गोलमोल जवाब दिया। शक होने पर अफसर खेत का निरीक्षण करने पहुंचे तो देखा कि अभी फसल कटी ही नहीं। मौके पर पंचनामा तैयार किया गया और धान को जब्त कर लिया गया।
बता दें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के समस्त उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी के सुचारू संचालन एवं निगरानी के लिए जिला कलेक्टरों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों का पालन करते हुए कोरिया कलेक्टर विनय कुमार लंगेह द्वारा धान उपार्जन केंद्रों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है । जिनके द्वारा लगातार उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। नोडल अधिकारियों की सजगता के कारण फर्जी तरीके से धान बेचने पहुंचे किसान की धान जब्त की गई।




