नई दिल्ली (एजेंसी)। देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा तीन करोड़ के पार पहुंच चुका है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 50 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए और 1358 मरीजों ने इस खतरनाक वायरस के आगे दम तोड़ दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस बात की जानकारी दी।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी डाटा के मुताबिक, देश में 50 दिनों में कोरोना वायरस के एक करोड़ मामले आने के साथ ही महामारी के मामलों की संख्या अब तीन करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है। एक दिन में 50,848 नए मरीज आने से संक्रमण के मामलों की संख्या बढ़कर 3,00,28,709 पर पहुंच गई। इसी दौरान देश में कोरोना संक्रमण से 1,358 लोगों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 3,90,660 हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोविड-19 के मामले 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार कर गए थे जिसके बाद उसे चार मई को दो करोड़ का आंकड़ा पार करने में करीब 136 दिन लगे और मात्र 50 दिनों में कोरोना वायरस ने एक करोड़ मामले पार कर लिए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या तीन करोड़ के पार चली गई है।
देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 6,43,194 पर पहुंच गई है जो संक्रमण के कुल मामलों का 2.14 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले मरीजों की राष्ट्रीय दर 96.56 प्रतिशत पर पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों में 19,327 मरीज संक्रमण मुक्त हुए हैं। भारत में कोरोना वायरस के सक्रिय मामले 82 दिनों में सबसे कम हैं। रिकवरी रेट बढ़कर 96.56 फीसदी हो गया है और दैनिक पॉजिटिविटी रेट 2.67 फीसदी है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 54,24,374 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 29,46,39,511 हुआ।
छत्तीसगढ़ में 482 नए केस, 7 मरीजों की मौत
छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण के 482 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार देर रात जारी आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में कोरोना के 38 हजार 717 टेस्ट हुए। इस दौरान कुल 482 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इस मान से संक्रमण दर 1.2 प्रतिशत हुई। इससे पहले सोमवार को 39 हजार 506 टेस्ट के बाद 496 नए मरीज मिले थे। तब भी संक्रमण दर 1.2 प्रतिशत रहा। इस बीच प्रदेश में 7 मरीजों की जान गई है। मैदानी जिलों की तुलना में बस्तर संभाग के बस्तर और बीजापुर जिलों की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। बस्तर में बीते 24 घंटों में 45 नए मरीज मिले। जशपुर, रायपुर, कोरिया, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और सूरजपुर जिलों में सबसे अधिक संक्रमित मिले हैं। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश भर में 852 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 8007 रह गई है। इसमें सबसे अधिक 711 मरीज बस्तर जिले में हैं। उनके बाद बीजापुर जिले में 604, रायगढ़ में 440, सरगुजा में 410 और सुकमा में 396 मरीज हैं।
3 करोड़ के पार हुआ देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा: बीते 24 घंटों में सामने आए 50848 नए केस आए, 7 लाख से नीचे आए एक्टिव केस




