भिलाई। दो दिन पहले दुर्ग जिले के अमलेश्वर स्थित खुड़मुड़ा गांव में हुए नृशंस हत्याकांड में पुलिस को अब तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस की पूरी जांच एकलौते गवाह 11 साल के बालक पर टिकी हुई है। इस बीच पुलिस ने बच्चे के बताए हुलिए के मुताबिक एक स्केच तैयार करवाया है। बुधवार को पुलिस ने आरोपी का स्केच जारी किया है। सभी थानों व पुलिस चौकियों में उक्त स्कैच को भेज दिया गया है।
बता दें कि रविवार रात को खुड़मुड़ा गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले में दुर्ग आईजी व एसपी के नेतृत्व में आधा दर्जन से अधिक टीमों को आरोपी की तलाश में लगा दिया गया है। वहीं इस पूरी घटना के चश्मदीद गवाह दुर्गेश सोनकर के बताए हुलिए के आधार पर पुलिस ने स्केच बनाकर जारी किया है। स्केच के आधार पर पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुट गई है।





