कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बदमाशों ने रविवार रात को ट्रांसपोर्ट कंपनी के सुपरवाइजर को चाकू मारकर लूट लिया। सुरवाइजर ड्यूटी से लौट रहा था इस दौरान तीन बदमाशों ने रास्ता रोका और एक ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। इसके बाद उसका मोबाइल व जेब में रखी नगदी लूटकर फरार हो गए। इधर घायल सुपरवाइजर को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मिली जानकारी के अनुसार गांधीनगर नगर सिरकी निवासी श्रीराम कोहराम (32) कुसमुंडा स्थित शाह ट्रांसपोर्ट कंपनी में बतौर सुपरवाइजर काम करता है। रोज की तरह वह रविवार रात करीब 9 बजे ड्यूटी पर जाने के लिए बाइक पर निकला था। इस बीच कुसमुंडा-दीपका मार्ग पर गंगानगर के पास सड़क किनारे खड़े तीन युवकों ने उसे जबरदस्ती रोक लिया। इसके बाद बाइक की चाबी निकाल ली। श्रीराम ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उससे मारपीट की और फिर चाकू निकालकर पैर में घोंप दिया।
इसके चलते श्रीराम गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद तीनों बदमाश उसकी जेब में रखी नगदी के अलावा मोबाइल और बाइक लूटकर भाग निकले। किसी तरह श्री राम मदद के लिए बस्ती वासियों के पास जा पहुंचा। उसने एक ग्रामीण के मोबाइल से अपने बड़े भाई प्रकाश को घटना की जानकारी दी। इस पर बड़ा भाई प्रकाश मौके पर पहुंचा और उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।




