बंगलूरू (एजेंसी)। कर्नाटक में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। राज्य सरकार ने कोरोना के संक्रमण को कम करने के लिए बंगलूरू में एक हफ्ते के लिए लॉकडाउन लगाने का एलान किया है। शहरी और ग्रामीण बंगलूरू में आज शाम 8 बजे से लॉकडाउन शुरू होगा।
वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने कर्नाटक सरकार से पूरे राज्य में लॉकडाउन लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक सरकार पूरे राज्य में लॉकडाउन की घोषणा करे क्योंकि कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पूर्व पीएम ने लोगों से सरकार के साथ सहयोग करने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की भी अपील की।
बंगलूरू में लॉकडाउन के दौरान किराने की दुकानें, मांस की दुकानें और अन्य आवश्यक सामान की दुकानें केवल सुबह पांच बजे से दोपहर 12 बजे के बीच खुलेंगी। हालांकि, अन्य सभी व्यावसायिक निजी प्रतिष्ठान एक सप्ताह के लिए बंद रहेंगे।





