श्योपुर। भारत में चीतों का कुनबा बढ़ गया है। दक्षिण अफ्रीका से लाए गए 12 चीते शनिवार को मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क पहुंच गए। इसके साथ ही कूनो नेशनल पार्क में चीतों की कुल संख्या 20 तक पहुंच गई है। इन चीतों में 10 नर और 10 मादा हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव व नरेंद्र सिंह तोमर की मौजूदगी में इन चीतों को बाड़े में रिलीज किया। इससे पहले पिछले साल सितंबर में 8 चीते नामीबिया से लाए गए थे।

चीतों को लेकर दक्षिण अफ्रीका से निकला विशेष विमान शनिवार सुबह ग्वालियर एयरबेस पहुंचा। यहां से इन्हें सेना के 4 हेलिकॉप्टर के जरिए कूनो नेशनल पार्क पहुंचाया गया। कूनो नेशनल पार्क लाए गए आए इन 12 चीतों में 7 नर और 5 मादा हैं। इससे पहले आए 8 चीतों में से 5 मादा व 3 नर थे। दोनों मिलाकर अब भारत में 10 मादा व 10 नर चीते हो गए हैं।
चीतों को रिलीज के लिए CM शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर समेत मध्यप्रदेश के वन मंत्री कुंवर विजय शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अफसर मौजूद रहे। यहां आने के बाद मुख्यमंत्री के साथ तीनों मंत्रियों ने जिप्सी से चीतों के बाड़े का निरीक्षण किया।




