भिलाई। खुशियां बांटने के लिए किसी कारण के होने की जरूरत नहीं होती, बस एक कोशिश और संकल्प होता है जो उदास चेहरे पर मुस्कान बिखेरने के लिए काफी होता है। ऐसा ही एक संकल्प मां शारदा चेरिटेबल ट्रस्ट ने लिया। दूसरों के जीवन में खुशियां बिखेरने का संकल्प लेकर काम कर रही ट्रस्ट ने दीपावली के एक दिन पहले जरूरतमंदों को मिठाइयां, दीपक, तेल, और पूजन सामग्री देकर उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेरी।
नेहरू नगर स्थित ट्रस्ट के कार्यालय लिबास में रविवार की शाम तीन सौ से ज्यादा लोग पहुंचे। उन्हें ट्रस्ट के लोगों ने मिलकर सारी साम्रगी बांटी। सामान पाकर बच्चों और महिलाओं ने कहा कि यहां इतने सम्मान और प्यार से साथ उन्हें यह सारा सामान दिया गया। जिसे पाने के बाद अब उनके घर में भी दीपावली पर दीये जल सकेंगे। कार्यक्रम के आयोजक और ट्रस्टी डॉ संतोष राय ने बताया कि पिछले 10 साल से वे अपने सदस्यों के साथ जरूरतमंदों के बीच खुशियां बांट रहे हैं। उन्होंने कहा कि खुशियां बांटने के लिए शुरुआत करने की जरूरत है, लोग अपने आप जुड़ते चले जाते हैं।




