
भिलाई। कोरोना महामारी से निपटले जिला प्रशासन द्वारा दुर्ग जिले में लगाए गए लॉकडाउन का असर मंगलवार सुबह से ही दिखना शुरू हो गया। सुबह से ही शहर के सारे महत्वपूर्ण बाजारों में पूरी तरह से सन्नाटा बना रहा। शहर की सड़कों से लेकर रिहायसी कॉलोनियों व गली मोहल्लों तक सन्नाटा रहा। सख्त लॉकडाउन होने के कारण आम लोग भी घरों से बाहर नहीं दिखे। शहर के सारे महत्वपूर्ण चौक चौराहों पर पुलिस की टीम मॉनिटरिंग करती रही। पुलिस एवं निगम की मोबाइल टीम पूरे शहर भर में घूम-घूम कर यह देख रही है कि कहीं लॉकडाउन का उल्लंघन तो नहीं हो रहा लेकिन नागरिकगण स्वत: स्फूर्त कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने की दिशा में भागीदारी निभाने घर से नहीं निकल रहे हैं।


उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन ने 4 दिन पूर्व लॉक डाउन लगाने का निर्णय लिया था ताकि लोग आवश्यक सामानों की खरीद कर लें। लॉकडाउन के पहले दिन देखा गया कि केवल मेडिकल इमरजेंसी, टेस्टिंग, वैक्सीनेशन के लिए ही लोग बाहर निकल रहे हैं। दवा दुकानों, चश्मा दुकान को छोड़कर अन्य सभी दुकाने बंद है। इसके अलावा कंट्रोल रूम में हेल्पलाइन नंबर दिए हैं एवं निगम की टीम चारों ओर स्थिति पर नजर रखी हुई है। जिला कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर भुरे ने निर्देश दिए हैं कि जरूरतमंदों को किसी तरह से दिक्कत ना हो यह सुनिश्चित किया जाए।




