भिलाई। कुम्हारी थाना क्षेत्र में शनिवार को महिला की सड़ी गली लाश मिलने से हड़कंप मच गया। ग्राम परसदा स्थित कैवल्य धाम के पीछे खेत में शव मिलने की सूचना पर कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आशंका है कि महिला की हत्या के बाद शव को फेंका गया है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को कुम्हारी पुलिस को सूचना मिली कि परसदा कैवल्य धाम के पीछे खेत में अज्ञात शव देखा गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरूआती जांच के बाद बताया कि मृतक महिला की उम्र करीब 40 से 45 साल हो सकती है। शव 6 से 7 दिन पुराना हो सकता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह सामने आएगी। कुम्हारी पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है।




