भिलाई। घरेलू गैस सिलेण्डर के दामों में एक बार फिर से वृद्धि कर दी गई है। देश की ऑइल मार्केटिंग कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी रसोई गैस सिलिंडर की कीमतों में 15 रुपये का इजाफा कर दिया है। कुछ दिन पहले ही ऑयल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलिंडर के दाम भी बढ़ा दिए थे।
बता दें कितेल कंपनियां हर महीने एलपीजी सिलिंडर के दामों की समीक्षा करती हैं। हर राज्य में टैक्स अलग-अलग होता है और इसके हिसाब से एलपीजी के दामों में अंतर होता है। ऑयल कंपनियों ने घरेलू गैस की दरों में 15 रुपए की वृद्धि की है। इसके बाद छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित दुर्ग भिलाई में घरेलू गैस सिलेण्डर के दाम 971.50 रुपए हो गए हैं। इससे पहले यह 956.50 रुपए प्रति सिलेण्डर था।
दो महीनों से कम समय में चौथी हुआ महंगा
घरेलू गैस के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है। यह दो महीनों से कम समय में लगातार चौथी वृद्धि है। गैर सब्सिडी वाला सिलिंडर एक सितंबर को 25 रुपये महंगा हुआ था। सब्सिडी वाले एलपीजी की कीमत में नवीनतम वृद्धि से एक जनवरी से अब तक प्रति सिलिंडर 205 रुपये महंगा हो गया है।
प्रमुख महानगरों में यह है दाम
दिल्ली और मुंबई में 14.2 किलोग्राम वाला गैर-सब्सिडी एलपीजी सिलिंडर 884.5 रुपये से बढ़कर 899.50 रुपये का हो गया है। कोलकाता में 926 रुपये और चेन्नई में 14.2 किलो वाला एलपीजी सिलिंडर 915.50 रुपये में मिलेगा। वहीं बिहार की राजधानी पटना में अब एलपीजी सिलिंडर के लिए 998 रुपए चुकाने पड़ेंगे।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी बढ़ोत्तरी
रसोई गैस के साथ ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। पेट्रोल के दाम में 30 पैसे और डीजल के दाम में 35 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इस महीने 5वीं बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े हैं। देश के 26 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार निकल गया है। इस साल अब तक पेट्रोल 19.03 और डीजल 17.36 रुपए तक महंगा हुआ है। देश के 26 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, नागालैंड, पुडुचेरी, तेलंगाना, पंजाब, सिक्किम, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा और राजस्थान के सभी जिलों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है। वहीं उत्तर प्रदेश, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड में भी कई जगहों पर पेट्रोल 100 रुपए लीटर के पार है। वहीं डीजल की बात करें तो मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, उड़ीसा, तेलंगाना और राजस्थान में कई जगहों पर ये अभी भी 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है।




