नाम बदलकर लुक-छिपकर रह रहा था आरोपी, गीतपुरी बलौदाबाजार से पकड़ाया आरोपी
भिलाई। दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में एक युवती से झूठी शादी कर उससे दुष्कर्म करने वाला बदमाश तांत्रिक आखिरकर पुलिस की गिरफ्त में आ गया। जामुल पुलिस ने आरोपी हेमंत अग्रवाल को बलौदाबाजार के गीतपुरी से गिरफ्तार किया है। आरोपी वहां नाम बदलकर रह रहा था। लगभग 50 दिन पहले आरोपी थाने से भाग गया था तब से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का जुलूस भी निकाला। इसके बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

बता दें जामुल थाना क्षेत्र की रहने वाली प्रार्थिया ने 19 नवंबर 2025 को थाना जामुल उपस्थित आकर रिपोर्ट दर्ज करायी कि उसकी पुत्री पीड़िता की जान पहचान रायपुर के रहने वाले हेमंत अग्रवाल से था, प्रार्थिया की पुत्री को झूठा शादी कर अपने साथ पत्नी के रूप में रखा था। पीड़िता हेमंत अग्रवाल के साथ नहीं रहना चाहती थी। इसके बाद भी वह बार बार फोन कर धमकाता और जान से मारने की धमकी देता था।
किडनैप कर कोंडागांव ले गया था आरोपी
19 नवंबर को हेमंत अग्रवाल कार से युवती के घासीदास नगर स्थित घर पहुंचा और से दिनदहाड़े उसे उठा ले गया। इस दौरान युवती उसका विरोध करती रही। इस पूरे कांड का सीसी टीवी फुटेज भी वायरल हुआ। युवती का अपहरण कर आरोपी उसे कोंडागांव-दंतेवाड़ा घुमाने के बाद रायपुर ले गया। बात जब मीडिया में आई तो वह घबरा गया और युवती पर दबाव बनाने लगा। इस बीच पुलिस ने दोनों को रायपुर से बरामद किया। इसके बाद आरोपी हेमंत अग्रवाल को भिलाई 3 थाने लाया गया जहां से वह मौका पाकर फरार हो गया।
फरार होने के बाद आरोपी हेमंत अग्रवाल लगातार अपना लोकेशन बदल रहा था। इस बीच अलग अलग नामों से वह रह रहा था। इस बीच पुलिस को पता चला कि हेमंत अग्रवाल बलौदा बाजार में नाम बदलकर रह रहा है। पुलिस ने दबिश दी और गीतपुरी इलाके से आरोपी को गिरफ्तार किया। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी जामुल निरीक्षक रामेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक पुनितराम सूर्यवंशी, आरक्षक शौकत खान, ललित साहू का विशेष योगदान रहा।




