मथुरा (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना मथुरा के जमुना पार थाना इलाके में बुधवार सुबह करीब सवा सात बजे एक्सप्रेस-वे के 105 माइल स्टोन पर हुआ। यहां खड़ी बस में कैंटर ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे चार लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन यात्री व एक टेंकर चालक था। वहीं आठ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि बस का तेल खत्म हो गया था, इसलिए बस सड़क किनारे खड़ी थी। मृतकों की शिनाख्त मोहम्मद रमजानी पुत्र अंसारी निवासी सिसिया पंचायत थाना बराड़ी जिला कटिहार बिहार, गोपाल पुत्र मंगल निवासी जिला कटिहार, मोहम्मद शमशेर पुत्र इदरीश निवासी सीसिया पंचायत थाना बराड़ी बिहार के रूप में हुई है। जबकि कैंटर चालक की पहचान नरेंद्र मिश्रा पुत्र तारा सिंह निवासी लालगोपालगंज इलाहाबाद के रूप में हुई है।




