चेन्नई (एजेंसी)। चक्रवाती तूफान निवार आधी रात के बाद तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों से गुजरता हुआ आगे निकल चुका है। तूफान निवार की दस्तक से पहले संभावित खतरे वाले तटीय इलाकों से बुधवार को एक लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। वहीं, मौसम विभाग ने बताया है कि तटीय इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश जारी रहेगी।
तूफान के कारण चेन्नई हवाई अड्डे को सुबह नौ बजे तक बंद रखा गया है। पहले इसे बुधवार सुबह सात बजे से लेकर गुरुवार सुबह सात बजे तक बंद करने का एलान किया गया था, लेकिन बारिश के मद्देनजर इसे दो घंटे और बढ़ा दिया गया है। दूसरी तरफ, भारी बारिश के चलते चेन्नई के कई इलाकों में जलजमाव हो गया है। वहीं तमिलनाडु ने बृहस्पतिवार को भी छुट्टी का एलान किया और दक्षिणी रेलवे ने सात विशेष ट्रेनों को रद्द कर दिया। मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी पर दक्षिणपश्चिमी क्षेत्र में कम दबाव की स्थिति से उठे चक्रवात के बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेते हुए बृहस्पतिवार तड़के तमिलनाडु व पुड्डूचेरी के मल्लापुरम और कराईकाल तटों से गुजरेगा।
एनडीआरएफ ने तूफान को लेकर मुस्तैदी बढ़ाते हुए बुधवार को तमिलनाडु, पुड्डुचेरी व आंध्र प्रदेश के तटों पर 50 टीमों को मोर्चे पर लगाया है। इसमें 30 टीमें कुड्डालोर, विल्लूपुरम, चेन्नई, चेंगालपट्टू, मयिलादुथुरई और नागापट्टिनम के तटीय इलाकों से लोगों को निकालने में जुटी हैं। वहीं 20 टीमों को विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश), कटक (ओडिशा) और त्रिशुर (केरल) में स्टैंडबाय पर रखा गया है। तमिलनाडु के सीएम के पलानीस्वामी ने 13 जिलों में बृहस्पतिवार को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। इन जिलों में चेन्नई, वेल्लोर, कुड्डालोर, विल्लूपुरम, नागापट्टिनम, तिरुवरूर, चेंगेलपेट और कांचीपूरम शामिल हैं।




