कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल की बैठक के दौरान राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अंतिम निर्णय ले लिया गया है। बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। बैठक के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने शुभेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा। इसके बाद उपस्थित सभी भाजपा विधायकों से सहमति ली गई, जिसके बाद उनके नाम पर अमित शाह ने औपचारिक मुहर लगाई।

अमित शाह ने कहा कि हाल ही में चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई है और बैठक के दौरान लगभग 8 प्रस्ताव और समर्थन प्राप्त हुए। सभी विधायकों ने एक ही नाम पर सहमति जताई, जबकि अन्य नामों के लिए भी पर्याप्त समय दिया गया, लेकिन अंततः सर्वसम्मति से एक ही नाम तय हुआ। इसके बाद केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में उन्होंने शुभेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा की। बैठक से पहले अमित शाह ने कोलकाता के प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मंदिर में दर्शन के बाद शाह सीधे पार्टी नेताओं के साथ अहम बैठकों में शामिल हुए, जहां सरकार गठन और शपथ ग्रहण समारोह को लेकर चर्चा की गई।
दो डिप्टी सीएम का फार्मूला
पश्चिम बंगाल में पहली बार दो डिप्टी सीएम का फार्मूला भी देखने को मिल सकता है। राज्य में 26 साल बाद डिप्टी सीएम का पद आस्तित्व में आएगा। बताया जा रहा है कि रूपा गांगूली के साथ एक अन्य पुरुष विधायक को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। इधर कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार के गठन को लेकर पार्टी इसे बड़े सांस्कृतिक और राजनीतिक आयोजन के रूप में पेश करने की तैयारी में है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।




