हरिद्वार। देश के चर्चित और सनसनीखेज मामले निठारी कांड में आरोपी रहे सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में खुदखुशी कर ली। वह पिछले कुछ महीनों से हरिद्वार में नाम बदलकर रह रहा था और भूपतवाला में चाय की दुकान चलाता था। उसका शव चाय की दुकान में फंदे पर मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बता दें नोएडा के निठारी में 2005-06 में बच्चों और महिलाओं के गायब होने के बाद कोली का नाम सामने आया था। 29 दिसंबर 2006 को मोनिंदर सिंह पंढेर की कोठी के पीछे नाले से मानव अवशेष मिलने के बाद देशभर में सनसनी फैल गई थी। इसके बाद CBI ने जांच की और कोली पर कई मामलों में केस चले। करीब 19 साल जेल में रहने के बाद नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट से आखिरी मामले में बरी होकर वह बाहर आया था। उसे 13 मामलों में मौत की सजा सुनाई गई थी। हालांकि 2023 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 12 मामलों में बरी कर दिया। नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने आखिरी मामले में भी दोषमुक्त कर दिया था।



