भिलाई। नगर पालिक निगम रिसाली में इन दिनों एक खास शख्स चर्चा में है। इस शख्स की दखल अंदाजी न केवल नगर निगम रिसाली में बढ़ गई है बल्कि प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री जितेन्द्र साहू के काफी करीब है। आलम यह है कि यह शख्स अब यह तय करने लगा है कि जितेन्द्र साहू से कौन बात करेगा और कौन नहीं। रिसाली निगम का टेंडर हो या पीडब्ल्यूडी का टेंडर सभी में इस शख्स की दखल बढ़ती जा रही है। इसका असर भी दिखने लगा है हाल के दिनों में जितेन्द्र साहू के समर्थक इस एक शख्स के कारण उनसे दूर होते जा रहे हैं। कहीं न कहीं इसका असर नगर निगम रिसाली में होने वाले चुनाव में दिख सकता है।

जिस शख्स का यहां जिक्र हो रहा है उसका कांग्रेस पार्टी से दूर दूर तक कोई नाता नहीं है। यह शख्स पूरे समय प्रदेश कांग्रेस महामंत्री जितेन्द्र साहू के साथ साये की तरह रहता है। खास बात यह है कि इस शख्स को दो साल पहले तक कोई नहीं जानता था। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी और दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक ताम्रध्वज साहू गृहमंत्री बने इसके बाद अचानक यह शख्स प्रकट हुआ। इसने जितेन्द्र साहू का साथ पकड़ा और आज इनके साथ साये की तरह रहता है। रिसाली क्षेत्र ही नहीं जितेन्द्र साहू जहां भी जाते हैं वहां यह शख्स साथ होता है। इस शख्स के हाथों में जितेन्द्र साहू के सोशल मीडिया की भी कमान है। महासचिव जितेन्द्र साहू के द्वारा किए गए कई विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं अन्य आयोजनों का मीडिया में व्यापक प्रचार प्रसार नहीं हो पा रहा है। इसकी वजह भी इस शख्स को माना जा रहा है। इसका असर यह हो रहा है कि जितेन्द्र साहू मीडिया से भी दूर होते जा रहे हैं।
यहां एक बात का जिक्र करना बेहद महत्वपूर्ण है। जितेन्द्र साहू से बात करने के लिए जो भी व्यक्ति मोबाइल पर संपर्क करता है तो कई व्यवस्थता के कारण वे फोन रिसीव नहीं करते। ऐसे समय में इस शख्स को कॉल किया जाता है तो यह जनाब व्यक्ति विशेष को देख परख कर जितेन्द्र साहू से बात कराते हैं। जितेन्द्र साहू के समर्थकों में इस बात को लेकर खासी नाराजगी व्याप्त है। इस शख्स के कारण लगातार जितेन्द्र साहू को अपने विश्वासपात्र समर्थकों को खोना पड़ रहा है। इस शख्स की दखलअंदाजी के कारण आने वाले रिसाली निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी को इस क्षेत्र में भारी नुकसान होने का अंदेशा कांग्रेस के विश्वासपात्र कार्यकर्ता जता रहे हैं।
अब बात करते हैं रिसाली नगर निगम में इनके दखल की तो यहां के गलियारों में इस शख्स की पहुंच लगातार बढ़ती जा रही है। रिसाली नगर निगम में जितने भी टेंडर निकाले जा रहे हैं उनमें इनकी दखल दिनों दिन बड़ती जा रही है। रिसाली निगम ही नही पीडब्ल्यूडी के टेंडर में यह शख्स अपनी दखल रखता है। पूर्व में रिसाली निगम के जो 100 से सवा सौ टेंडर जारी हुए थे उसमें इस शख्स की भूमिका रही। यानि टेंडर किसे देना है और किसे नहीं देना है यह सबकुछ इस शख्स द्वारा तय किया जा रहा है। रिसाली निगम क्षेत्र में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि इस शख्स के कारण कांग्रेस पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं में नाराजगी चरम पर है। पहले कभी जितेन्द्र साहू के कट्टर समर्थक माने जाने वाले कार्यकर्ता भी इस एक शख्स की वजह से अब उनसे दूरी बनाने लगे हैं।




