रायगढ़ Raigarh. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्कूली छात्र की हत्या का मामला सामने आया है। बच्चा बुधवार शाम से लापता था और गुरुवार को उसकी खून से लथपथ लाश कैंपस के ही निर्माणाधीन भवन में मिला है। बच्चा इसी स्कूल में कक्षा 6वीं में पढ़ता था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची हुई है और मामले की जांच की जा रही है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, चिराई पानी ग्राम पंचायत निवासी हीरालाल चौहान का बेटा प्रतीक चौहान गांव के ही शासकीय प्राथमिक स्कूल में 6वीं कक्षा की पढ़ाई करता था। वबुधवार शाम को वह अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद बच्चे के पिता कोतरा रोड थाने में रिपोर्ट लिखाने पहुंचे। इस बीच गुरुवार की सुबह स्कूल के पास खेल रहे कुछ बच्चों ने प्रतीक चौहान का शव देखा तो गांव वालों को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में बच्चे के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। बच्चे को घसीटे जाने के निशान भी मिले है। बच्चे की हत्या कर शव को यहां ठिकाने लगाया गया है। पुलिस ने घटना स्थल को सील कर दिया है। वहीं मौके पर डॉग स्क्वाड व फोरेंसिक टीम पहुंच गई है। पुलिस फिलहाल आरोपियों की तलाश में जुट गई है।




