भिलाई। दुर्ग शहर के बघेरा रेलवे क्रासिंग के पास रविवार को एक भ्रूण मिलने से सनसनी फैल गई है। इसका कारण इसका अजीबो गरीब आकार है। पुलिस को जब सूचना मिली तो मौके पर पहुंची और डॉक्टरों को भी बुलाया गया। भ्रूण से एक पूंछ जैसा निकला हुआ था जिसके कारण डॉक्टर भी हैरान रह गए और यह बता नहीं पाए कि यह भ्रूण इंसानी है या किसी जानवर का। फिलहाल भ्रूण को जांच के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही इसका पता चला पाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि बघेरा रेलवे क्रॉसिंग के पास एक भ्रूण मिला है। भ्रूण मिलने की सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। वहीं आसपास के लोगों की भीड़ भी काफी जमा हो गई। पुलिस ने जब शुरुआती जांच की तो भ्रूण में हाथ पैर के साथ पूछ जैसा कुछ दिखा। इससे पुलिस को यह अंदाजा नहीं लग पाया कि यह इंसानी भ्रूण है या किसी जानवर का।
इसके बाद पुलिस ने पशु चिकित्सकों को मौके पर बुलाया। पशु चिकित्सकों ने भी भ्रूण देखा लेकिन कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पाए। इसके बाद पुलिस ने भ्रूण को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। डॉक्टरों ने कहा कि इसकी जांच के बाद ही बताया जा सकेगा कि यह इंसानी भ्रूण है किसी जानवर का। इसके बाद भ्रूण को विशेष केमिकल के सहारे जार में पैक कर रायपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। जांच के बाद इसकी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।




