रायपुर। बिलासपुर से नागपुर के बीच जब से वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू हुई है तब से इस पर पथराव की घटनाएं भी बढ़ गई है। वंदेभारत एक्सप्रेस पर पथराव आम बात हो गई है। इसबीच 14 जुलाई को तिल्दा रेलवे स्टेशन पार करने के बाद वंदेभारत एक्सप्रेस पर पथराव किया गया। इससे वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच नंबर C3 के 50,51, 52 सीट नंबर के बगल वाले कांच की खिड़की क्षतिग्रस्त हुई थी। अब इस मामले में आरपीएफ ने 7 नाबालिगों को गिरफ्तार कर किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया है।
बता दें 14 जुलाई को गाड़ी संख्या 20826 नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में तिल्दा स्टेशन के बाद पत्थर फेंकने की घटना हुई थी। इससे वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच नंबर C3 के 50,51, 52 सीट नंबर के बगल वाले कांच की खिड़की क्षतिग्रस्त हुई थी। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट भाटापारा में धारा 153 रेल अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया। पथराव करने वालों की तलाश के दौरान आरपीएफ को सीसी टीवी फुटेज व मुखबिर से कुछ नाबालिगों का इनपुट मिला।
इसके बाद आरपीएफ की टीम मंगलवार को तिल्दा बस्ती से 7 नाबालिकों को हिरासत में लिया। पूछताछ करने पर नाबालिगों ने पथराव करने की बात मानी। नाबालिग बच्चों ने बताया कि 14 जुलाई को वे गुलेल बाजी कर रहे थे। इस दौरान पता चला कि वंदे भारत एक्सप्रेस आ रही है। नाबालिगों ने सुन रखा था कि वंदेभारत एक्सप्रेस पर पत्थर मारने से सायरन बजता है। सायरन सुनने के लिए बच्चों ने पथराव कर दिया। नाबालिगों का बयान लेने बाद आरपीएफ ने सभी को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया।




