नवप्रवेशी बच्चों का होगा आत्मीय स्वागत, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता
दुर्ग। जिले के पाटन विकासखंड अंतर्गत जामगांव (एम) के स्वामी आत्मानन्द उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विधालय में 20 जुलाई को राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव सत्र 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम सोमवार दोपहर 12 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे। कार्यक्रम में अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री व प्रभारी मंत्री विजय शर्मा उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव करेंगे। कार्यक्रम की तैयारी का रविवार को कलेक्टर अभिजीत सिंह ने निरीक्षण किया।

स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, ग्रीन रूम, सामग्री वितरण स्टॉल और स्कूल में लैब एवं अन्य तैयारी का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। प्रवेशोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री एवं अतिथियों द्वारा शाला में प्रथम बार प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत किया जाएगा। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री व पाटन विधायक भूपेश बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर और अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम की भव्यता को बढ़ाने के लिए स्थानीय त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के पदाधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इनमें जिला पंचायत दुर्ग की अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक, जिला पंचायत सदस्य जामगांव (एम) नीलम चन्द्राकर, जनपद सदस्य जामगांव (एम) संतोषी ठाकुर, और ग्राम पंचायत जामगांव (एम) की सरपंच तुलसी सिन्हा शामिल हैं।




