भिलाई। भारतीय एम एम ए दल ने विश्व प्रतियोगिता 2022 में पांच प्रतिष्ठित पदक जीते, जिसमें से छत्तीसगढ़ राज्य ने 2 पदक अपने नाम किए प्रथम रजत पदक बालिका वर्ग यूथ ए लाइट वेट कैटेगरी में पलक नाग (जगदलपुर) एवं बालिका वर्ग यूथ सी 40 किलोग्राम वर्ग में अवनी नैथानी (भिलाई) ने भारत के लिए कांस्य पदक अर्जित किया। छत्तीसगढ़ राज्य के ही तर्षित येल्लमंचीली (भिलाई) द्वारा मेजबान देश यूएई के खिलाफ बालक स्ट्रा वेट कैटेगरी में भारत को पहला विजय मुकाबला दिया, तीनों ही खिलाड़ी टीम इंडिया कोच नितिन सिंह के निर्देशन में वॉरियर्स अकैडमी में कड़ी मेहनत कर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से राष्ट्र का गौरव बढ़ाया और देश के लिए इतिहास रचा!
भारतीय दल एमएमए इंडिया के अध्यक्ष शरीफ़ बापू की अगुवाई में पहली बार युवा वर्ग में विश्व चैंपियनशिप में भाग ले रही थी जिसकी मेजबानी IMMAF के तत्वाधान में यूएई एमएमए फेडरेशन ने 17 से 21 अगस्त 2022 को अबू धाबी में किया, इस प्रतियोगिता में 42 राष्ट्र के 500 से अधिक खिलाडिय़ों ने भाग लिया। भारतीय एमएमए की चिकित्सा प्रमुख डॉ दिव्या ने बताया कि सभी खिलाड़ी शारीरिक व मानसिक तौर पर पूरी तरह दक्ष थे, जिसकी वजह से वह अपना सर्वोच्च प्रदर्शन इस विश्व प्रतियोगिता में कर सके तथा उन्होंने एम एम ए खेल को बच्चों के लिए असुरक्षित होने के मिथक का खंडन किया व बताया की यह खेल अत्याधिक अनुशासित है एवं इसमें एमएमए एकीकृत नियमों की प्रणाली होती है जो इसे सभी के लिए सुरक्षित खेल बनाती है खासकर 18 वर्ष कि आयु से कम युवा वर्ग के लिए। एम एम ए खेल में खिलाडिय़ों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।
इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य के नीरज ने बताया की छत्तीसगढ़ प्रदेश की टीम, दो प्रतिष्ठित पदकों के साथ गर्व से घर लौटी है व टीम सभी के समर्थन व शुभकामनाओं के लिए तहे दिल से आभारी है। छत्तीसगढ़ मिक्स मार्शल आर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक त्रिपाठी व उपाध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव एवम समस्त कार्यकारिणी के सदस्यों ने जोर शोर से स्वागत व विजय तिलक कर छत्तीसगढ़ टीम के उत्साह को दुगना किया।




