
भिलाई। जिले के नव पदस्थ एसपी प्रशांत ठाकुर ने आज पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 में समस्त राजपत्रित अधिकारियों थाना प्रभारी चौकी प्रभारी एवं विभिन्न शाखा प्रभारियों की बैठक ली। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले में सभी तरह के जुआ सट्टा एवं अवैध कबाड़ व्यवसाय पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने आम जनता एवं पुलिस के मध्य अच्छे संबंध विकसित करने के उद्देश्य से सभी थाना प्रभारी चौकी प्रभारी को जनता के बीच सहज उपलब्ध होने एवं सक्रिय कार्रवाई करने कहा।
एसपी प्रशांत ठाकुर ने बैठक के दौरान का कि सभी थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी को शाम के समय अपने-अपने थाना क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाकों में अनिवार्य रूप से पेट्रोलिंग करें। अपराध के मामलों में लगातार एवं निश्चित समय सीमा में अपराधों का निकाल किया जाए। गुंडा एवं हिस्ट्री शीटर की जानकारी अद्यतन करने एवं नवीन गुंडा व हिस्ट्री शीटर और जिला बदर की कार्रवाई तैयार कर प्रस्तुत करने के साथ ही लगातार इस प्रकार के बदमाशों की जांच करते रहें। बैंकों एवं उसके आसपास कार्यालय अवधि में पेट्रोलिंग एवं औचक निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए ताकि किसी भी वांछित घटना को रोका जा सके।
महिला व बच्चों के मामले में संवेदनशील रहे पुलिस
एसपी प्रशांत ठाकुर ने वरिष्ठ जनों, महिला एवं बच्चों से संबंधित मामलों में विशेष संवेदनशीलता के साथ सक्रिय कार्रवाई करने कहा। उन्होंने कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है इसके मद्देनजर सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने थानों में आने वाले फरियादी एवं अन्य व्यक्ति को थाना प्रवेश से पूर्व व्यवस्थित तरीके से हाथ धुलवायें और सेनेटाइजर के उपयोग करने के बाद ही थानों में प्रवेश सुनिश्चित करें। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी भी मास्क सैनिटाइजर का उपयोग करें एवं कॉविड के संबंध में दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरश पालन किया जाना सुनिश्चित करें। आज की बैठक में एएसपी रोहित कुमार झा, एएसपी ग्रामीण लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आईयूसीएडब्ल्यू प्रज्ञा मेश्राम सहित सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।



