कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में महिला की हत्या का मामला सामने आया है। बेटा और बहू के साथ दामाद ने मिलकर महिला की हत्या कर दी। हत्या के शव को बाड़ी में छिपा दिया। बेटा और बहू महिला की टोका टाकी से परेशान थे और दामाद को शक था कि उसकी पत्नी चोरी छिपे मायके पैसे भेजती है। शनिवार को बाड़ी में शव मिलने के बाद पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने जांच की और इस मामले में बेटा, बहू व दामाद को गिरफ्तार कर लिया है। मामला पंखाजूर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार पखांजूर निवासी 67 वर्षीय रेखा मजुमदार का शव उसकी बाड़ी में मिला। शव मिलने के बाद उसके पति ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर आसपास पूछताछ करने पर पुलिस को रेखा के दामाद अनूप दास के बारे में पता चला। उसके बारे में बताया गया कि वह अपनी सास से खुन्नस रखता था।
इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर अनुप दास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। अनुपदास ज्यादा देर टिक नहीं सका और सारी सच्चाई उगल दी। अनुप दास ने बताया कि उसने रेखा मजूमदार के बेटे विप्लव मजूमदार और बहू पपिया मजूमदार के साथ मिलकर उसकी हत्या की है। इसके बाद पुलिस ने बेटे और बहू को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह बात सामने आई कि रेखा मजुमदार के दामाद को शक था कि उसकी पत्नी अपनी मां को पैसे भेजती थी। वहीं बेटा और बहू मां की टोका-टाकी से परेशान थे। इसलिए तीनों ने उसकी हत्या का प्लान बनाया। पहले तो टॉर्च से उसके सिर पर वार किया गया और बाद में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बाड़ी में फेंक दिया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।




