भिलाई। न्यू खुर्सीपार में शनिवार की रात श्याम की भक्ति में रम गया। बाबा भक्त मंडल द्वारा यहां लगातार छठवें वर्ष श्री श्याम महोत्सव का आयोजन किया गया। शाम 6 बजे से शुरू हुआ कार्यक्रम रातभर चला। सुबह तक भक्त यहां श्री श्याम की भक्ति में झूमते रहे। फूलों की होली खेलकर श्याम के गीतों में नाचते गाते पूरी रात बिताई। कोलकाता व रायपुर से पहुंचे दिग्गज कलाकारों ने भक्ति गीतों से ऐसा समा बांधा कि भक्त मदहोश हो गए। इस दौरान बाबा का विशेष श्रृंगार भी किया गया।
न्यू खुर्सीपार स्थित अग्रसेन भवन में यह भव्य आयोजन किया गया। बीते एक माह से भी ज्यादा समय से इस कार्यक्रम की तैयारियां बाबा भक्त मंडल द्वारा की जा रही थी। श्री श्याम महोत्सव के दौरान चार धाम की झांकी बनाई गई जिसमें बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया। इस दौरान उन्हें छप्पन भोग का प्रसार भी चढ़ाया गया। छप्पन भोग के साथ ही सवामणि व श्याम रसोई का भी भोग लगाया गया। बाबा का अलौकिक श्रृंगार के साथ ही यहां अखंड जोत भी जलाई गई।
कोलकाता व रायपुर के कलाकारों ने दी प्रस्तुति
श्री श्याम महोत्सव के दौरान सबसे विशेष भक्तिगीतों की प्रस्तुति का रहा। कार्यक्रम में बाबा को रिझाने कोलकाता से रवि बेरिवाल व रोहित शर्मा तथा रायपुर से विनय अग्रवाल पहुंचे। इन तीनों कलाकारों ने अपने भक्तिगीतों की प्रस्तुति दी। रातभर भक्तिगीतों का दौर चलता रहा। कार्यक्रम में खुर्सीपार सहित भिलाई शहर के भक्त बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। महोत्सव के दौरान बाबा के भक्तों के लिए भोग भंडारा भी बाबा भक्त मंडल द्वारा किया गया जिसमें कई पकवान परोसे गए।





