भिलाई। कुम्हारी पुलिस ने सरकारी दर से ज्यादा दाम पर यूरिया व अन्य उर्वरक पदार्थ बेचने वाले दुकान संचालक को गिरफ्तार किया है। ऋषभ राज फर्टिलाइजर कुम्हारी में फर्टिलाइजर निरीक्षक द्वारा जांच दल के साथ दुकान का निरीक्षण कर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री के साक्ष्य प्राप्त किए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना कुम्हारी में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
मिली जानकारीर के अनुसार ऋषभ राज फर्टिलाइजर, कुम्हारी के संचालक मनीष गुप्ता द्वारा किसानों को यूरिया एवं अन्य उर्वरक शासन द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर विक्रय किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर 13 जून 2026 को फर्टिलाइजर निरीक्षक सरिता साहू द्वारा जांच दल के साथ संबंधित प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शासन द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर यूरिया एवं अन्य उर्वरक विक्रय किए जाने के संबंध में साक्ष्य प्राप्त हुए।
उक्त जांच के आधार पर फर्टिलाइजर निरीक्षक द्वारा थाना कुम्हारी में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदन के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर दिनांक 18 अगस्त 2026 को आरोपी मनीष गुप्ता को विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। उक्त कार्रवाई में थाना कुम्हारी पुलिस टीम द्वारा प्रकरण की विवेचना एवं आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। प्रकरण से संबंधित जांच एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
दुर्ग पुलिस किसानों एवं आम नागरिकों से अपील करती है कि शासन द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर आवश्यक वस्तुओं, उर्वरक अथवा अन्य सामग्री की बिक्री किए जाने की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग अथवा पुलिस को सूचित करें। निर्धारित मूल्य एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




