श्रीकंचनपथ, डेस्क। पत्नी से तलाक की इच्छा में एक शख्स ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया कि अब उसकी पत्नी की जान पर बन आई है। हैरान करने वाली यह घटना आंध्रप्रदेश के ताडेपल्ली क्षेत्र का है। दरअसल पति अपनी पत्नी को तलाक देना चाहता था। इसके लिए उसने गांव के एक झोलाछाप डॉक्टर की सहायता से अपनी गर्भवती पत्नी को एचआईवी संक्रमित खून का इंजेक्शन लगवा दिया। डॉक्टरी जांच के लिए पहुंची महिला को जब पता चला कि वह एचआईवी पीडित हो गई तो उसे माजरा समझ में आया। मामले में पत्नी की शिाकायत पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ताडेपल्ली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला की शिकायत पर आरोपी एम. चरण के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी एम. चरण ने एक झोलाछाप की मदद से एचआईवी संक्रमित खून इंजेक्ट किया था। आरोपी इलाज के बहाने अपनी गर्भवती पत्नी को अस्पताल ले गया था। डॉक्टर ने उसे बताया कि यह इंजेक्शन गर्भावस्था के दौरान अच्छे स्वास्थ्य के लिए लगाया जा रहा है। महिला को तब पता नहीं था कि उसके साथ क्या हो रहा है।
जांच हुई तो निकली HIV पॉजिटिव
पुलिस को पीड़िता ने बताया कि बाद में वह एक अस्पताल में हेल्थ चेकअप के लिए गई। वहां जांच में पता चला कि वो एचआईवी पॉजिटिव हो गई है। पीड़ित महिला ने यह भी बताया कि उसका पति दहेज के लिए भी प्रताड़ित कर रहा था। उसकी एक बेटी है और वह बेटा चाहता है। बेटे के जन्म को लेकर दबाव बनाता था। आरोपी ने पूरी साजिश कर इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने झोलाछाप डॉक्टर को भी गिरफ्तार कर लिया है।




