बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बजलरामपुर जले के समीप छत्तीसगढ़-झारखंड बॉर्डर पर रविवार को स्कूल बस बेकाबू होकर 20 फीट गहरी खाई में गिर गई। बताया जा रहा है कि बस का ब्रेक फेल हो गया और वह ड्राइवर के नियंत्रण से बाहर हो गया। इंजन बंद करने के बाद भी बस नहीं रूकी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और कई घायल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला महुआडांड थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार बलरामपुर के पिपरसोत के कुछ ग्रामीण झारखंड के लोध फाल घूमने के लिए ज्ञान गंगा स्कूल की बस में सवार होकर महुआडांड जा रहे थे। रास्ते में सामरी के ओरसा घाट के पास बस का ब्रेक फेल हो गया। तेज रफ्तार बस पीडब्ल्यूडी के रोड सेफ्टी गार्ड को तोड़ते हुए पलटकर पेड़ से टकरा गई। हादसा छत्तीसगढ़-झारखंड बार्डर पर लातेहर जिले में हुआ। हादसे में 4 पुरुष और एक महिला की जान गई है।
मृतकों की की पहचान नहीं हो पाई है। मरने वाले सभी छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रहने वाले थे। स्थानीय और राहगीरों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही महुआडांड थाना प्रभारी मनोज कुमार और सामरी के थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। घायलों को महुआडांड स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।




