नई दिल्ली (एजेंसी)। दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में संबंध बनाने से इनकार करने पर मकान मालिक के बेटे ने महिला किराएदार की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 25 साल की महिला दिव्या अपने पति के साथ मंगोलपुरी के वाई ब्लॉक के एक मकान की तीसरी मंजिल पर रहती थी। उसका पति ज्योति मुंडका स्थित एक फैक्टरी में काम करता है। काम की वजह से वह चार दिन से घर नहीं आया था। शनिवार को घर पहुंचने पर उसने अपनी पत्नी को कमरे में मृत पाया। महिला की गला रेतकर हत्या की गई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया। छानबीन के दौरान पुलिस ने आस पास के लोगों से पूछताछ की और आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला।

छानबीन के दौरान पुलिस को मकान मालिक के बेटे कन्हैया(29) पर शक हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। शुरूआती पूछताछ में उसने बताया कि वह महिला से संबंध बनाना चाहता था। लेकिन महिला इस बात के लिए राजी नहीं थी। उसने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की, जिसका उसने विरोध किया। इस दौरान उसने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर जांच में जुटी है।




