रायपुर। रोड सेफ्टी वल्र्ड सीरीज क्रिकेट प्रतियोगिता की तैयारियां जोरों पर हैं। राजधानी के परसदा स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना है। 22 फरवरी से 21 मार्च तक होने वाली इस सीरीज के लिए रायपुर के दो होटलों को बायोबबल जोन घोषित किया गया। इस संबंध में सोमवार को कलेक्टर ने आदेश जारी कर दिया है।
राजधानी स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आगामी दिनों में होने वाले रोड सेफ्टी वल्र्ड सीरीज के मद्देनजर मेफेयर होटल एवं लेक रिसॉर्ट को बायो बबल जोन घोषित कर दिया है। दोनों होटलों को 22 फरवरी से 22 मार्च तक बायो बबल जोन घोषित किया गया है। कलेक्टर के आदेशानुसार यहां एक महीने तक बाहरी लोगों के प्रवेश पर मनाही रहेगी। इस टूर्नामेंट में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, जोंटी रोड्स, ब्रायन लारा, तिलकरत्ने दिलशान सहित कई दिग्गज क्रिकेटर शामिल होंगे।





