नई दिल्ली (एजेंसी)। कोरोना संकट के बीच यह एक राहत भरी खबर है। देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्वस्थ होने वालों की दर 90 फीसदी के पार पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों में यह तथ्य सामने आए हैं। मंत्रालय के अनुसार, अब तक देश में 97,61,538 लोग कोरोना से स्वस्थ हो चुके हैं। स्वस्थ होने वालों का राष्ट्रीय औसत 95.82 फीसदी के करीब है। आंकड़ों के मुताबिक, स्वस्थ होने वालों की दर सबसे अधिक दमन द्वीव में 99.61 फीसदी है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में सबसे कम 90.29 फीसदी है। दिल्ली में यह दर 97.15 फीसदी के करीब है।

73 फीसदी संख्या 10 राज्यों से
कोरोना संक्रमण से ठीक होने वाले 73.56 फीसदी मरीज देश के 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से हैं। इनमें अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, असम, झारखंड, तमिलनाडु, कर्नाटक, दिल्ली समेत अन्य राज्य शामिल हैं।
मौतों की संख्या घटी
देश में लगातार दूसरे दिन कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या 300 से कम रही है। 25 दिसंबर को देश में 251 लोगों ने जान गंवाई थी। इसके अगले दिन यानी 26 दिसंबर को 280 मौतें दर्ज की गई हैं। नौ जून के बाद पहली बार ऐसे राहत देने वाले आंकड़े सामने आए हैं। नौ जून को देश में 272 मौतें हुई थीं। इसके बाद से ये आंकड़ा लगातार बढ़ता ही रहा।
सक्रिय मामलों में केरल आगे
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, रोजाना सामने आने वाले सक्रिय मामलों में केरल सबसे आगे है। देश के 10 राज्यों में 77 फीसदी नए मामले दर्ज किए जा रहे हैं। रविवार को केरल में 3527, महाराष्ट्र में 2854, पश्चिम बंगाल में 1253, उत्तर प्रदेश में 1098, छत्तीसगढ़ में 1045, तमिलनाडु में 1019, मध्य प्रदेश में 1006, गुजरात में 890, कर्नाटक में 857 और राजस्थान में 785 मामले सामने आए हैं।
किस राज्य/केंद्रशासित प्रदेश में कितनी स्वस्थ दर
राज्य स्वस्थ दर (%में)
आंध्र प्रदेश 98.76
अरुणाचल प्रदेश 98.66
असम 97.94
झारखंड 97.92
पुडुचेरी 97.42
बिहार 97.24
दिल्ली 97.15
हरियाणा 97.08
यूपी 95.79
उत्तराखंड 92.15
केरल 90.83
हिमाचल प्रदेश 90.29
(स्रोत: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय)




