भिलाई। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल से पहले 27 सितंबर, रविवार को देश के सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे। वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग की पहल पर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने रविवार को बैंकिंग सेवाएं जारी रखने की विशेष मंजूरी दी है।
बता दें यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल का आह्वान किया है। कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांगों में 5-डे बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, पेंशन अपडेट करना, पेंशनरों के लिए समान महंगाई भत्ता (DA) फॉर्मूला और NPS कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) का विकल्प देना शामिल है।
हड़ताल से पहले 26 और 27 सितंबर को क्रमश : चौथा शनिवार व रविवार है, जो कि बैंकों के अवकाश का दिन होता है। इसके ठीक बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंक कर्मचारी हड़ताल पर जाने का प्रस्ताव है। ऐसे में अगर 27 सितंबर को भी बैंक बंद रहते, तो ग्राहकों को लगातार पांच दिनों तक शाखाओं से जुड़ी सेवाओं में परेशानी हो सकती थी। इसी स्थिति को देखते हुए रविवार को बैंक खोलने का फैसला लिया गया है।
27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की शाखाएं सामान्य दिनों की तरह काम करेंगी। इसके अलावा प्रशासनिक कार्यालय, एटीएम से जुड़ी शाखाएं और करेंसी चेस्ट भी खुले रहेंगे। इसका मकसद ग्राहकों को हड़ताल से पहले जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का अतिरिक्त मौका देना है। 30 सितंबर को बैंकों की हाफ-ईयरली क्लोजिंग होती है। इसलिए यूनियनों की प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने बैंक प्रबंधव सरकार अपील की है।



