रायपुर। सोशल मीडिया पर रौब दिखाने का तो इन दिनों फैशन सा चल पड़ा है। छत्तीसगढ़ में भी युवा इस तरह की रील्स बनाकर फेमस होना चाह रहे हैं। वहीं पुलिस भी लगातार ऐसे मनचलों व बदमाशों पर कार्रवाई कर रही है जो सोशल मीडिया पर पिस्तौल व अन्य हथियारों के साथ रील्स बनाकर पोस्ट करते हैं। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर में पुलिस एक युवक पर कार्रवाई की। युवक पे बंदूक लहराते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट डाला था। वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने युवक को पकड़ा और अब पुलिस ने एक वीडियो जारी किया। दोनों वीडियों का फर्क आपको दिख जाएगा।

वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक किस प्रकार रौब दिखा रहा है। पिस्तौल के साथ बनाए इस रील में वह कह रहा है कि पुलिस की गाड़ी हर वक्त हमारा पीछा करती है, किसी को लेटा न दे इस बात से सरकार भी डरती है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस के भी कान खड़े हो गए। पुलिस ने जल्द ही युवक को पकड लिया और उसकी पूरी माफियागिरी निकाल दी। पुलिस ने थाने में उससे उठक बैठक कराया और इस दौरान वीडियो बनाकर रायपुर पुलिस ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया है।
रायपुर पुलिस के इस पोस्ट पर मजेदार रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं। वीडियो के पहले पार्ट में युवक पूरे रौब के साथ है और दूसरे पार्ट में कान पकड़कर माफी मांगता नजर आ रहा है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि इस तरह के पोस्ट सोशल मीडिया में न डाले। ऐसे मामलों पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है।




