दुर्ग पुलिस की टीम ने मंगलवार रात को दी दबिश, भारी मात्रा में गुटखा का कच्चा माल बरामद
भिलाई। अवैध रूप से गुटखा निर्माण पर दुर्ग जिले में बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। मंगलवार की रात को दुर्ग पुलिस की टीम ने कचांदूर स्थित एक गोदाम में रेड कार्रवाई कर भारी मात्रा में गुटखा बनाने का सामान व कच्चा माल जब्त किया है। खास बात यह है कि गोदाम को वॉशिंग पाऊडर पैकिंग के नाम पर किराए पर लिया गया था और अवैध रूप से जर्दा युक्त गुटखा तैयार और पैकेजिंग का काम किया जा रहा था। मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार कचांदूर का उक्त गोदाम सुपेला में रहने वाले मोहम्मद मुस्तफा का है। गोदाम को उत्तर प्रदेश उन्नाव के रहने वाले मोहम्मद सानू ने करीब 20 दिन पहले किराए पर लिया था गोदाम लेने के दौरान उसने डिटर्जेंट पाउडर निर्माण व उसकी पैकेजिंग की जानकारी दी थी। इसके बाद मो सानू का गोदाम मालिक से संपर्क नहीं हुआ। बाद में किराएदार का मोबाइल बंद आने लगा। गोदाम मालिक ने उससे कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसी दौरान गोदाम के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने लगी। वहीं, परिसर में तैनात गार्ड ने भी मालिक को अंदर कुछ गड़बड़ी होने की आशंका जताई। शक बढ़ने पर मोहम्मद मुस्तफा ने जेवरा सिरसा चौकी पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की दबिश में गुटखा व कच्चा माल बरामद
सूचना के बाद जेवरा सिरासा पुलिस ने उच्च अधिकारियों को जानकारी दी और छापामार कार्रवाई की प्लानिंग की गई। मंगलवार रात को जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने गोदाम में दबिश दी। गोदाम की जांच की तो जांच के दौरान वहां से 32 बड़े बोरों में तैयार गुटखा,32 बोरों में मीठी सुपारी, गुटखा बनाने में उपयोग होने वाला रॉ मटेरियल और मिक्सिंग मशीन बरामद किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फूड सेफ्टी विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदाम में अवैध गुटखा की पैकेजिंग और निर्माण का कार्य किया जा रहा था। बरामद सामग्री को फूड सेफ्टी अधिकारियों को सौंपा गया है।
आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस
इधर पुलिस की रेड में भारी मात्रा में गुटखा व उसका मटेरियल जब्त किया गया लेकिन गोदाम को किराए पर लेने वाला मो सानू नहीं मिला। आशंका जताई जा रही है कि मो सानू को पुलिस रेड की भनक लग गई। जेवरा पुलिस ने बताया कि गोदाम मालिक मो मुस्तफा की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान गुटखा निर्माण से जुड़ा कच्चा माल और पैकिंग सामग्री बरामद हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई फूड सेफ्टी विभाग की ओर से की जा रही है। आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।




