भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ के फड़ पर रेड कर 14 जुआरियों को हिरासत में लिया। यहां के केएलसी स्थित एक मकान में जुआ चल रहा था और मकान मालकिन जुआ खिलवा रही थी। पुलिस ने रेड के बाद 14 जुआरियों के साथ मकान मालकिन को भी हिरासत में लिया है। उनके कब्जे से 77,650 रुपए नकद, ताश और 14 मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 3,27,650 रुपए आंका गया है।
पुलिस के अनुसार उन्हें मुखबिर के जरिए सूचना प्राप्त हुई कि काली माता मंदिर के पीछे घर में कुछ व्यक्ति अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम एवं एसीसीयू की टीम के द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान 14 व्यक्तियों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से नगदी राशि, ताश पत्ती, एवं मोबाइल फोन जब्त किए गए। आरोपियों के विरुद्ध थाना खुर्सीपार में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है

गिरफ्तार जुआरियों में मनोज कुमार राय, राजीव कुमार, एम. राजू, सूरज महतो, जी. गौतम, किशोर कुमार साहू, शिवा राव, विकास गुप्ता, दिनेश बाग, अनिल, पवन कुमार, राजा, सैनी कुमार और मंजीत सिंह शामिल हैं। मामले में मकान मालकिन को भी हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि मकान मालकिन जुआ खेलने के लिए कमरा देती थी और इसके एवज में किराया वसूलती थी।
उक्त कार्यवाही में थाना खुर्सीपार एवं एसीसीयू की टीम का सराहनीय योगदान रहा। रेड कार्यवाही में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा त्वरित सूचना संकलन, घेराबंदी एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।




