मुंबई (एजेंसी)। सलमान खान की ईद पर रिलीज हुई फिल्म ‘राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई’ की पहले दिन की कमाई ने अरसे से रिलीज की राह तक रही फिल्मों के लिए रोशनी की एक नई किरण दिखाई है। आंकड़ों के हिसाब से देखें तो सिर्फ भारत में फिल्म ने पहले दिन 108 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की। ये सलमान खान की किसी भी फिल्म को देश में मिली अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग है। फिल्म ‘राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई’ ने देश में ‘पे पर व्यू’ के जरिए फिल्मों की रिलीज पर भी कामयाबी की मोहर लगा दी है। सलमान की किसी फिल्म की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग उनकी पिछली फिल्म ‘भारत’ की रही है जिसने रिलीज के दिन ही 42 करोड़ 30 लाख रुपये जुटाए थे।
राधे की कामयाबी ने रिलीज की कतार में लगे नई फिल्मों के लिए रास्ता खोल दिया हे। क्या हिंदी सिनेमा की साल भर से ज्यादा समय से रिलीज की राह देख रही फिल्मों को भी इसी तरह ‘पे पर व्यूÓ के हिसाब से रिलीज कर देना चाहिए। रिलायंस एंटरटेनमेंट की दो फिल्में ‘सूर्यवंशी’ और ’83’ और यशराज फिल्म्स की तीन बड़ी फिल्में ‘जयेशभाई जोरदारÓ, ‘पृथ्वीराजÓ व ‘बंटी और बबली 2Ó रिलीज की कतार में हैं। अक्षय कुमार की फिल्म ‘बेलबॉटम’ भी लाइन में लगी है। सवाल यह है कि क्या आने वाले समय में इसी तरह और भी फिल्में सीधे घर पर ही पे पर व्यू की तर्ज पर रिलीज होंगी?
फिल्म ‘राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई’ को सलमान खान ने अपनी प्रोडक्शन कंपनी सलमान खान फिल्म्स के लिए खुद बनाया है। हीरो वह खुद हैं और फिल्म बनाने में लगने वाला पैसा उन्होंने अपने साथ कुछ निर्माताओं को जोड़कर जुटाया है। सलमान खान की इस फिल्म को पिछले साल यशराज फिल्म्स के जरिए रिलीज करने की बात चली थी, लेकिन ये बातचीत अटकती दिखाई दी तो सलमान खान ने इसका सौदा जी स्टूडियोज के साथ कर दिया। सूत्र बताते हैं कि जी स्टूडियोज के प्रमुख शारिक पटेल ने फिल्म ‘राधे: योर मोस्ट वांटेड भाईÓ के अधिकार खरीद कर बड़ा दांव खेला। फिल्म की रिलीज के पहले ही सिनेमा के कारोबारी समूह में फिल्म को लेकर रिपोट्र्स आने लगी थी और जिन लोगों ने फिल्म का फस्र्ट कट देख लिया था उन्होंने पहले ही बता दिया था कि फिल्म की रिपोर्ट अच्छी नहीं है। लेकिन, सलमान की पिछली कम से कम रेटिंग वाली फिल्मों ने भी बॉक्स ऑफिस पर दो सौ से तीन सौ करोड़ तक का कारोबार किया।
249 की टिकट और दर्शक 42 लाख
जी5 के मुख्य व्यवसाय अधिकारी मनीष कालरा के मुताबिक अगर सलमान की फिल्म थिएटर में एक करोड़ लोग भी देख लेते हैं तो वह फिल्म कम से कम दो सौ करोड़ रुपये कमा लेती है। जी स्टूडियोज, जी5 और जी सिनेप्लेक्स ने मिलकर फिल्म रिलीज का ये नया तोड़ निकाला है। ‘राधे: योर मोस्ट वांटेड भाईÓ फिल्म पहले दिन 42 लाख लोगों ने देखी। फिल्म का प्ले बटन दबाने के बाद छह घंटे के भीतर एक शो देखने पर दर्शकों को 249 रुपये खर्च करने पड़े। और इस हिसाब से फिल्म ‘राधे: योर मोस्ट वांटेड भाईÓ ने रिलीज के पहले ही दिन करीब 108 करोड़ रुपये की रकम सिर्फ भारत में कमा ली। विदेश में फिल्म ने पहले दिन करीब 4.5 करोड़ रुपये की कमाई और की।





