अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीरा बा का शुक्रवार को 100 साल की उम्र में निधन हो गया। हीरा बा ने अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में सुबह 3.30 बजे अंतिम सांस ली। हीरा बा को मंगलवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पीएम मोदी ने ट्वीट कर मां हीरा बा को श्रद्धांजलि दी। निधन के बाद हीरा बा के अंतिम सफर पर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके बेटों ने हीरा बा को कंधा दिया।

पीएम की मां हीरा बा को मंगलवार को अचानक से सांस लेने में दिक्कत होने लगी थी। इसके अलावा उन्हें कफ की शिकायत भी थी। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल के कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती करा दिया गया। डॉक्टरों ने उनकी मां का एमआरआई और सीटी स्कैन किया। गुरुवार को अस्पताल की ओर से बयान जारी कर बताया गया था कि उनकी तबीयत में सुधार है, लेकिन शुक्रवार सुबह उनका निधन हो गया।
पीएम मोदी ने ट्वीट कर अपनी मां हीरा बा को श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने लिखा, मैं जब उनसे 100वें जन्मदिन पर मिला तो उन्होंने एक बात कही थी, जो हमेशा याद रहती है कि काम करो बुद्धि से और जीवन जियो शुद्धि से। उन्होंने ट्वीट कर यह भी लिखा कि शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम… मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है।
इस मौके पर हीरा बा के परिवार ने सभी से भावुक अपील की है। परिवार की ओर से कहा गया है कि हम इस कठिन समय में उनकी प्रार्थनाओं के लिए सभी को धन्यवाद देते हैं। सभी से हमारा विनम्र अनुरोध है कि दिवंगत आत्मा को अपने विचारों में रखें और अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को जारी रखें। यही हीरा बा को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।




