भिलाई। नौतपा से पहले छत्तीसगढ़ में प्री मानसून की एंट्री हो गई है। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में सुबह से ही बारिश हो रही है। दुर्ग भिलाई सहित राजधानी रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, सरगुजा व बस्तर संभाग मं बारिश कहीं कम है तो कहीं ज्यादा हो रही है। इसके कारण गर्मी से राहत मिली और मौसम भी खुशनुमा हो गया है। स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां चल रही हैं ऐसे में पढ़ने वाले बच्चे भी बारिश का भरपूर आनंद ले रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। यानी आने वाले 7 दिनों तक मौसम का हाल ऐसा ही रहने वाला है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक छत्तीसगढ़ के अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। अगले दो दिनों में केरल में मानसून के आगमन के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं और संभावना है कि मानसून की एंट्री हो जाएगी। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि पिछले 24 घंटों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा व कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.4°C बिलासपुर व पेण्ड्रा रोड में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.6°C दुर्ग व जगदलपुर में दर्ज किया गया।
मध्यम से भारी बारिश की संभावना
प्रदेश में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है व अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा, मेघ गर्जन के साथ तेज हवा (40-50 किमी/घंटा) चलने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ वज्रपात होने तथा अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। बस्तर संभाग में अगले कुछ दिनों में 80-90 मिमी तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
राजधानी में रुक-रुककर हो रही बारिश
रायपुर में शनिवार सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे शहर का मौसम पूरी तरह बदल गया है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। ठंडी हवाओं के साथ बूंदाबांदी ने वातावरण को खुशगवार बना दिया है। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए यह बारिश किसी राहत से कम नहीं है। राजधानी रायपुर की बात करें तो शनिवार को आकाश सामान्यतः मेघमय रहने तथा गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35°C और 26°C के आसपास रहने की संभावना है।
दुर्ग भिलाई का मौसम हुआ खुशनुमा
प्री मानसून की एंट्री के कारण दुर्ग और भिलाई में शनिवार सुबह से ही मौसम खुशनुमा हो गया है। भिलाई के टाउनशिप से लेकर पटरी पार तक जगह जगह जलभराव देखा जा सकता है। सुबह तेज बारिश के बाद हल्की फुहारें बरसती रहीं। इसके कारण शहर गर्मी से राहत मिली और ठंड महसूस होने लगी। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश की रफ्तार और तेज हो सकती है। बिजली गिरने की आशंका को लेकर प्रशासन ने भी अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को खुले मैदानों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।




