भिलाई। मोहन नगर थाना क्षेत्र में तीन नाबालिगों ने ओएलएक्स में बाइक बेचने का ऐड डालकर लूट की योजना बनाई। एड देखकर बिलासपुर का शख्स बाइक लेने पहुंचा। प्लान के अनुसार तीनों नाबालिगों ने शख्स को चाकू की नोक पर 80 हजार रुपए की लूट की और फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलने के बाद मोहन नगर पुलिस ने एक्शन लिया और तीन नाबालिगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड में भेजा गया ।

दरअसल इस संबंध में जयराम नगर थाना मस्तुरी जिला बिलासपुर लव कुमार जांगडे ( 23) ने शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी ने अपनी शिकायत में बताया कि 27 मार्च 2025 को ओएलएक्स पर गाडी बेचने का विज्ञापन देखा। दिए गए नंबर पर चैटिंग के जरिए बात करने पर 80 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। 28 मार्च को युवक गाडी खरीदने बिलासपुर से ट्रेन के जरिए दुर्ग पहुंचा। ओएलएक्स पर दिए नंबर पर कॉल करने पर एक लड़का बाइक से उसे लेने पहुंचा।
इसके बाद प्रार्थी उस लड़के की बाइक पर बैठकर गाड़ी देखने निकल पड़ा। लड़के ने एक जगह रुक कर पान ठेला से सिगरेट लिया उसके बाद नहर किनारे सिगरेट पीने के लिए रुक गया। इस दौरान और दो लड़के वहां पहुंचे और चाकू दिखाकर प्रार्थी को डराने लगे और रुपए मांगे। प्रार्थी चाकू देखकर डर गया और गाडी खरीदने के लिए जो 80 रुपए जेब से तीनों लड़कों ने निकाले और वहां से फरार हो गए। मामले में मोहन नगर पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी जितेन्द्र शुक्ला ने जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। प्रकरण की विवेचना दौरान तीनों लड़कों की पतासाजी कर उन्हें पकड़ा गया। तीनों नाबालिग निकले और पुलिस की पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने नाबालिग आरोपियों के पास सं लूट की रकम, घटना मे प्रयुक्त मोटर सायकल व चाकू जब्त किया। अपचारी बालकों के विरूद्ध अपराध सिद्ध पाये जाने से को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय से रिमांड पर भेजा गया है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहन नगर निरीक्षक शिव प्रसाद चन्द्रा, सहायक उप निरीक्षक राजेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक दिनेश सोनी एवं स्टाफ की विशेष भूमिका रही।




