भिलाई। दुर्ग पुलिस इन दिनों अवैध रूप से हथियार रखने वालों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस के पास लगातार हर्ष फायरिंग, हथियार लहराने व चाकू लेकर लोगों को धमकाने की शिकायतें मिल रही हैं और इस पर कार्रवाई कर आरोपियों की गिरफ्तार भी हो रही है। अब दुर्ग एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने एक नई पहल की है। अवैध हथियार रखने वालों को थाने में जमा करान कहा है, ताकि किसी भी प्रकार की कार्रवाई से बच सके।
एसपी पल्लव की पहल के तहत जिले में अवैध हथियार रखने वालों से अपील की गई है कि वे अपने पास रखे किसी भी प्रकार का हथियार चाहे वह चाकू हो, तलवार हो, देशी कट्टा या अन्य कोई हथियार हो वे स्वयं थाने में जमा कराएं। इसके लिए सभी थानों के बाहर एक बास्केट रखा जा रहा है जिसमें लोग स्वयं आकर अपने पास रखा हथियार डाल कर जा सकते हैं। स्वयं थाने में जमा कराने पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जाएगी।
वैशाली नगर थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी ने थाने के बाहर इसके लिए बास्केट भी रख दिया गया है। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की है ऑनलाइन मंगाए गए चाकू व अन्य हथियार बॉक्स में डाल दें ताकि किसी भी कार्रवाई से बच सके। इसके अलावा हर्ष फायरिंग व हथियार के साथ सोशल मीडिया में फोटो वायरल न करने की समझाइश दी जा रही है। दुर्ग पुलिस की ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी है और आगे भी जारी रहेगी।




