भिलाई Bhilai. शहर के तालपुरी कॉलोनी में रविवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब सैकड़ो पुलिस के जवान एक साथ पहुंचे। शहर के 15 थानों के प्रभारी व 150 से ज्यादा जवानो के साथ तालपुरी के पारिजात कॉलोनी में रेड की गई। इस दौरान यहां पर 35 से ज्यादा संदिग्ध पकड़े गए। पकड़े संदिग्धों में कुछ फरार अपराधी भी हैं। वहीं पुलिस ने कॉलोनी से 14 संदिग्ध वाहन भी जब्त किया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से सस्पेक्टेड लोगों में बेचैनी देखी गई वहीं कॉलोनी के रहवासियों ने इस कार्रवाई की सराहना की है।

बता दें तालपुरी कॉलोनी के पारिजात ब्लॉक से संदिग्ध गतिविधियों की पुलिस को समय समय पर शिकायतें मिलती रहती हैं। दुर्ग एसपी शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर एएसपी संजय ध्रुव ने तालपुरी के पारिजात कॉलोनी में रेड की। रेड के दौरान यहां के बी ब्लॉक से 35 से ज्यादा संदेही हिरासत में लिए गए हैं। वहीं 14 ऐसी गाड़ियों को भी जब किया गया है जिसका कोई मालिक नहीं मिला। पुलिस को शक है कि इन वाहनों को संदिग्ध गतिविधियों में इस्तेमाल किया जाता है।

फरार महिला आरोपी भी पकड़ाई
ताल पुरी मेरठ के दौरान पुलिस ने जिन सदस्यों को हिरासत में लिया है उनमें से कई पुराने फरार अपराधी ही हैं। जांच के दौरान थाना सुपेला की आरोपिया ज्योति सोनी को पारिजात के फ्लैट में पूछताछ के दौरान पकड़ा गया है जो कि धारा 420 के मामले में फरार चल रही थी और लुक छुप कर अपना पता बदल कर रह रही थी। आरोपिया को थाना सुपेला में लाकर पूछताछ कर अग्रिम जांच कर कार्रवाई की गई। रेड कार्रवाई के दौरान देखा गया कि पारिजात कॉलोनी के बी ब्लॉक में दूसरे राज्यों के कई ऐसे लोग ठहरे हुए हैं इनकी जानकारी थानों को नहीं है।
आगे भी होगी यह कार्रवाई
एएसपी संजय ध्रुव ने बताया कि ताल पुरी कॉलोनी में रेड के बाद इस तरह की कार्रवाई शहर के अन्य रिहायशी कालोनियों में भी की जाएगी। यह कार्यवाही दूसरे राज्यों से आकर यहां रह रहे सस्पेक्टेड लोगों की पहचान के लिए की गई थी। इस क्षेत्र में बाहर से आकर रह रहे लोगों और किरायेदारों की सूची तैयार कर उस रिकार्ड को मेंटेन करने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। आज सर्च कार्रवाई में पकड़े गए कई लोग अन्य राज्यों से आकर रह रहे थे जिनमें से कुछ का अपराधिक रिकार्ड भी मिला है।




