कांकेर Kanker. छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले एक बार फिर पुलिस व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। बीएसएफ जवानों व पुलिस फोर्स के बीच हुई मुठभेड़ में एक जवान को गोली लगी है। वहीं एक महिला नक्सली के घायल होने की खबर है। यही नहीं दो ग्रामीणों के घायल होने की भी सूचना है। यह मुठभेड़ बड़गांव थाना इलाके के मेंढरा के जंगल में हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक कांकेर के थाना प्रतापपुर क्षेत्रांतर्गत बीएसएफ कैंप मेंडरा से जिला बल एवं बीएसएफ 178 बटालियन की संयुक्त पार्टी गांव मरकाचुवा की तरफ सर्च अभियान के लिए रवाना हुए। इस दौरान थाना से लगभग 10 किमी उत्तर-पूर्व दिशा में करीब आठ बजे पुलिस पार्टी और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हुई है। घायल माओवादी महिला की पहचान आरकेबी डिवीजन की सदस्या फगनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि फगनी एलओएस कमांडर विनोद मदनवाड़ा की पत्नी है।
इस मुठभेड़ में एक बीएसएफ जवान विकास सिंह को गोली लगी है लेकिन वह खतरे से बाहर है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस की बड़े अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। पखांजुर से मेडिकल टीम को भी मौके लिए रवाना कर दिया गया है। पखांजुर एसडीओपी रवि कुजूर मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि बैकअप दल रवाना किया गया है और सर्च अभियान तेज कर दिया गया है।




