शिवमोगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कर्नाटक में शिवमोगा एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। करीब 450 करोड़ रुपए की लागत से बने इस एयरपोर्ट का ऊपरी हिस्सा कमल के फूल की तरह डिजाइन किया गया है। मोदी ने इसके अलावा शिवमोगा में 3,600 करोड़ और बेलगावी में 2,700 करोड़ रुपए की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में मोदी के साथ कर्नाटक के पूर्व CM बीएस येदियुरप्पा को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में ‘एअर इंडिया’ की पहचान घोटालों के लिए होती थी, घाटे वाले बिजनेस मॉडल के रूप में होती थी लेकिन आज ‘एअर इंडिया’ भारत के नए सामर्थ्य के रूप में विश्व में नई उड़ान भर रहा है। आज भारत के एविएशन सेक्टर का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है। छोटे शहरों को हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने की सोच कभी कांग्रेस की रही नहीं लेकिन हम यह काम कर रहे हैं। आज शिवमोगा को अपना एयरपोर्ट मिला है, यह बहुत ही भव्य और सुंदर है। यह सिर्फ एयरपोर्ट नहीं है बल्कि इस क्षेत्र के जवानों के सपनों की नई उड़ान का अभियान है।




