मुंबई (एजेंसी)। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों द्वारा लगातार दूसरे दिन कीमतों में बढ़ोतरी करने के बाद राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल की कीमत गुरुवार को 84.20 रुपये प्रति लीटर हो गई, जो अब तक का उच्चतम स्तर है। तेल विपणन कंपनियों की मूल्य अधिसूचना के अनुसार गुरुवार को पेट्रोल की कीमत में 23 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 26 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। कल लगातार 29 दिन दाम स्थिर रहने के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव देखने को मिला था।
इससे पहले दिल्ली में पेट्रोल की अधिकतम कीमत चार अक्तूबर 2018 को 84 रुपये प्रति लीटर थी। उस समय डीजल 75.45 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर था। आईओसीएल से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को दिल्ली में पेट्रोल 84.20 रुपए व डीजल 74.38 रुपए प्रतिलीटर है। इसी प्रकार कोलकाता में पेट्रोल 85.68 रुपए व डीजल 77.97 रुपए प्रतिलीटर, मुंबई में पेट्रोल 90.83 रुपए व डीजल 81.07 रुपए प्रतिलीटर,और चेन्नई में पेट्रोल 86.96 रुपए व डीजल 79.72 रुपए प्रतिलीटर है।
ऐसे जाने अपने शहर में कीमतें
पेट्रोल-डीजल की कीमत आप एसएमएस के जरिए भी जान सकते हैं। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, आपको क्रस्क्क और अपने शहर का कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर भेजना होगा। हर शहर का कोड अलग-अलग है, जो आपको आईओसीएल की वेबसाइट से मिल जाएगा।
प्रतिदिन छह बजे बदलती है कीमत
बता दें कि प्रतिदिन सुबह छह बजे पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है। सुबह छह बजे से ही नई दरें लागू हो जाती हैं। पेट्रोल व डीजल के दाम में एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और अन्य चीजें जोडऩे के बाद इसका दाम लगभग दोगुना हो जाता है। विदेशी मुद्रा दरों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमतें क्या हैं, इस आधार पर रोज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है।



