दुर्ग – धमधा रोड के घास जमीन पर डाल रखी थी सीमेंट पोल की फैक्ट्री
भिलाई । अफीम की खेती मामले में गिरफ्तार विनायक ताम्रकार के अवैध कब्जे पर आज प्रशासन ने बुलडोजर चलवा दिया। समोदा गांव में दुर्ग – धमधा रोड के सरकारी जमीन पर कब्जा कर ताम्रकार ने खेतों के बाउंड्री वॉल में इस्तेमाल किए जाने वाले सीमेंट पोल की फैक्ट्री डाल रखी थी। लगभग 32 डिसमिल यह जमीन सरकारी रिकॉर्ड में घास जमीन के रुप में दर्ज है।

बहुचर्चित अफीम की खेती के मामले में आरोपी पक्ष के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन की सख्ती देखने को मिली। कलेक्टर दुर्ग अभिजीत सिंह के निर्देश पर प्रशासनिक अमले ने आज आरोपी भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के अवैध कब्जे पर जेसीबी मशीन चलवा दिया। इससे पहले यहां लगे बिजली कनेक्शन को काट दिया गया। यह कब्जा दुर्ग से धमधा जाने वाले सड़क पर समोदा गांव में किया गया था। इस जगह पर बृजेश कांक्रीट प्रोडक्ट के नाम से व्यवसायिक उद्देश्य से सीमेंट पोल एवं कंटीले तार का निर्माण कार्य किया जा रहा था।
प्रशासन की इस कार्रवाई से समोदा के ग्रामीणों में खुशी देखने को मिली है। कार्यवाही के दौरान मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि दशक भर पहले विनायक ताम्रकार और उनके परिजनों ने दबंगई दिखाते हुए सड़क किनारे स्थित सरकारी घास जमीन पर कब्जा कर सीमेंट पोल निर्माण कार्य शुरू किया था। जबकि इस जमीन पर पंचायत की ओर से बस स्टॉप बनाकर कुछ दुकानों का निर्माण किए जाने की सोंच रखी गई थी।
तहसीलदार क्षमा यदु ने बताया कि सरपंच की ओर से समोदा गांव के खसरा नं 778 की 32 डिसमिल सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा होने की शिकायत की गई थी। कार्यवाही के लिए संबंधित पक्ष को बेदखली वारंट जारी किया गया था। इसी तारतम्य में आज बेदखली कार्यवाही की गई है।




