भुवनेश्वर Bhuwneshwer. ओडिशा के बालासोर जिले में शुक्रवार को एक भीषण ट्रेन हादसा हो गया। यहां, बहनागा रेलवे स्टेशन के पास तीन ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई। रेल हादसे में अब तक 238 लोगों की मौत हो गई है और 900 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं। फिलहाल मौके पर राहत बचाव कार्य जारी है। अभी मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हादसे के बाद जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुख जताया है, वहीं, भीषण ट्रेन हादसे के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने आज एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।
अधिकारियों ने बताया कि ओडिशा के बहनगाबाजार में हावड़ा से बेंगलुरु जा रही 12864 एक्सप्रेस के कई कोच शुक्रवार शाम करीब 7 बजे पटरी से उतर गए और साथ वाले ट्रैक पर जा गिरे। इसी दौरान, उस ट्रैक पर 12841 शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस आ गई और पलटे डिब्बों से टकरा गई। इससे कोरोमंडल के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और बगल के ट्रैक से गुजर रही मालगाड़ी से टकरा गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने यात्रियों को निकालना शुरू किया। बाद में एनडीआरएफ, राज्य सरकार और वायुसेना ने बचाव और राहत कार्य शुरू किया।
हादसे के बाद शनिवार की सुबह रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव मौके पहुंचे और हादसा स्थल का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हादसे की जांच के लिए हाईलेवल कमेटी का गठन किया हे। हमारी पहली प्राथमिकता है कि रेस्क्यू जल्द हो। मृतकों के परिजनों को सूचना भेजी जा रही हे। रेलवे ने इस मामले में मुआवजे का ऐलान कर दिया हैञ जिन परिवारों के सदस्यों की मौत हुई उनके घरों में मदद पहले पहुंचे यही हमारी प्राथमिकता है।
सात कोच पलटे, 15 बेपटरी
हादसे में कोरोमंडल एक्सप्रेस के सात कोच पलट गए, चार कोच रेल बाउंड्री के बाहर चले गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुल 15 डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। ओडिशा के बालासोर जिले में ट्रेन के पटरी से उतर जाने से प्रभावित खंड में कई ट्रेनें रद्द कर दी गईं जबकि कुछ का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है।
मुआवजे का किया एलान
वहीं, हादसे के बाद रेल मंत्रालय ने मुआवजे का एलान किया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए दो लाख रुपये और मामूली चोटों वाले लोगों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के बालासोर जिले में हुई ट्रेन दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और स्थिति का जायजा लिया। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से ट्रेन हादसे में मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
सीएम बघेल ने ओडिशा के सीएम पटनायक से की बात, हादसे पर जताया दुख
ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल संवेदना जताई है। उन्होंने शनिवार की सुबह ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से फोन पर चर्चा की। उन्होंने ओडिशा के बालासोर जिले में हुए ट्रेन हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए, अपनी संवेदना प्रकट की। सीएम भूपेश बघेल ने ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक से कहा कि छत्तीसगढ़ की ओर से ओडिशा को हर संभव मदद की जायेगी। सीएम बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोग हताहतों के परिजनों के दुख में साथ खड़े हैं, घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं।
ट्रेन दुर्घटना, जानें स्टेप बाई स्टेप
- बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस हावड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान शुक्रवार देर शाम इस ट्रेन के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए और बगल के ट्रैक में पलट गए।
- शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस दूसरे ट्रैक से चेन्नई की ओर जा रही थी। यह ट्रेन ट्रैक पर पलटे बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के डिब्बों से टकरा गई।
- इस टकराव के बाद कोरोमंडल एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए और अगले ट्रैक में एक मालगाड़ी के डिब्बों से टकरा गए।
- बताया जाता है कि यह हादसा बालासोर जिले के बहंगा बाजार स्टेशन पर हुआ, जो कि कोलकाता से दक्षिण में 250 किलोमीटर और भुवनेश्वर से उत्तर में 170 किलोमीटर पर स्थित है।
- अधिकारियों के मुताबिक, बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट के डिब्बे शाम करीब 6.55 बजे पटरी से उतर गए, वहीं कोरोमंडल एक्सप्रेस के डिब्बे 7 बजे पटरी से उतर गए। यानी यह घटना महज पांच मिनट के अंतराल में हुई।




