रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का मामला सामने आया है। रायपुर के आजाद चौक थाना पुलिस ने यह सनसनीखेज खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं में अहिल्या नामदेव, दीपिका नाग और कृतिका साहू शामिल है। तीनों महिलाएं बच्चों की खरीद-फरोख्त के लिए महिलाओं को झांसा देते थे और फर्जी दस्तावेज भी तैयार कराते थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपिया कृतिका साहू ने ओडिशा की एक महिला को बच्चा बिकवाने का झांसा दिया था। महिला को रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में रखा गया था। कृतिका ने महिला के प्रसव का खर्च भी उठाया था। जब यह मामला पुलिस के संज्ञान में आया तो जांच शुरू हुई। जांच के दौरान पुलिस को कृतिका साहू के पास कई बच्चों के फोटो मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 20 कथित फर्जी जन्म प्रमाण पत्र भी बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि इन दस्तावेजों का इस्तेमाल बच्चों की पहचान और जन्म से संबंधित जानकारी को गलत तरीके से दर्शाने के लिए किया जाता था। मामले में दो अस्पतालों की भूमिका भी संदेह के घेरे में बताई जा रही है। पुलिस इन अस्पतालों से जुड़े दस्तावेजों और प्रसव संबंधी रिकॉर्ड की जांच कर रही है।





