बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने सड़क निर्माण में लगे ठेकेदार की हत्या कर दी। घटना रविवार की बताई जा रही है। नक्सलियों ने पहले ठेकेदार के मुंशी को किडनैप किया। जब ठेकेदार उसे छुड़ाने पहुंचा तो मुंशी को रिहा कर ठेकेदार को मार दिया। मृतक ठेकेदार की पहचान उत्तर प्रदेश के रहने वाले इम्तियाज अली के रूप में हुई है। नक्सलियों ने मारकर जंगल में लाश फेंकी है। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने वारदात की पुष्टि की है। घटना पामेड थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार इम्तियाज अली लंबे समय से यहां रह रहा था। नक्सलियों ने पहले मुंशी का अपहरण किया। इसकी जानकारी मिलने पर ठेकेदार इम्तियाज अली मुंशी को छुड़ाने चला गया और नक्सलियों के चंगुल में फंस गया। नक्सलियों ने मुंशी को छोड़ दिया और ठेकेदारा की गला रेतकर हत्या कर दी। मुंशी ने ही ठेकेदार के परिजनों को इसकी जानकारी दी और परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम को मौके पर रवाना किया गया।
मुंशी को छोड़ा, ठेकेदार को मारा
बीजापुर एसपी जितेन्द्र यादव ने ठेकेदार की हत्या की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार की नक्सलियों ने हत्या कर दी है। मुंशी के बयान के आधार पर पुलिस घटना स्थल के लिए रवाना हो गई है। एसपी ने बताया कि नक्सली सड़क निर्माण का विरोध कर रहे थे और कई बार धमकी भरे पोस्टर भी लगा चुके हैं। संभवत: यही ठेकेदार की हत्या की यही वजह होगी।




